स्कूल के बाबू और भृत 1 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार,सागर लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई
एमपी के सागर संभाग के टीकमगढ़ जिले से बड़ी खबर सामने आई है। पलेरा तहसील के सांदीपनि शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक स्कूल के बाबू और भृत को सागर लोकायुक्त की टीम ने एक लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
मामला तब उजागर हुआ जब शिक्षक अनिल कुमार खरे ने लोकायुक्त सागर में लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया था कि निलंबन के दौरान जनवरी 2023 से जुलाई 2023 तक की शेष राशि उनके खाते में डालने के बदले बाबू कैलाश कुमार खरे और भृत शंकरलाल कटारे ने उनसे 5 लाख रुपए की मांग की थी। बातचीत के बाद सौदा 2 लाख रुपए में तय हुआ और पहली किस्त के रूप में एक लाख रुपए मंगलवार को देने की तारीख तय हुई। जैसे ही आरोपी बाबू और भृत ने स्कूल परिसर में रिश्वत की रकम ली, सागर लोकायुक्त की टीम ने दोनों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
लोकायुक्त निरीक्षक रंजीत सिंह ने बताया कि आवेदक की शिकायत पर टीम ने पूरी जांच पड़ताल की और जाल बिछाकर आरोपियों को दबोचा। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
लोकायुक्त की इस कार्रवाई से जिले में हड़कंप मच गया है। खास बात यह रही कि रिश्वत का सौदा स्कूल समय में ही, छात्रों और कर्मचारियों के बीच हुआ था। फिलहाल दोनों आरोपी हिरासत में हैं और आगे की जांच सागर लोकायुक्त कर रही है।
सरकारी स्कूलों में भ्रष्टाचार की यह घटना शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। अब देखना होगा कि इस मामले में आगे और कौन-कौन आरोपी जांच के दायरे में आते हैं।