सागर -कांग्रेस की वोट अधिकार यात्रा, भूपेंद्र सिंह का बड़ा बयान, फर्जी वोटर से लोकतंत्र खतरे में
सागर जिला ग्रामीण कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को मकरोनिया में वोट अधिकार यात्रा निकाली। कांग्रेस की पदयात्रा रजाखेड़ी बजरिया से शुरू हुई जो मुख्य मार्गों से होते हुए मकरोनिया चौराहा स्थित वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी की प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर समाप्त हुई। पदयात्रा के दौरान कांग्रेसियों ने वोट चोर गद्दी छोड़ के नारे लगाए। उन्होंने वर्तमान सरकार की कथित वोट चोरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी पर हुए हमले का विरोध किया। साथ ही राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मोहासा ने कहा कि देश में वोट चोरी का काम चल रहा है। फर्जी वोटर बनाकर चुनाव जीते जा रहे हैं। निर्वाचन आयोग की निष्पक्षता पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग एकतरफा भाजपा की झोली में वोट डाल रहा है। कोई भी लोकतंत्र में वोट चोरी कर राजा नहीं बन सकता। कांग्रेस न्याय की लड़ाई हमेशा लड़ती रहेगी। इसके साथ ही उन्होंने रतलाम में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी की कार पर हुए हमले को लेकर भी ज्ञापन दिया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी प्रदेश किसान, महिला, युवाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। नशा के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। इसी को लेकर रतलाम में उनकी कार पर हमला किया गया। यह हमला भाजपा के कार्यकर्ताओं ने किया है। इस दौरान ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मोहासा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव, पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।