खेत में किसान की हत्या, पुलिस जांच में जुटी और फिर परिचितों से पुलिस कर रही पूछताछ
जबलपुर जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। बरेला थाना क्षेत्र के परतला गांव में गुरुवार सुबह एक किसान का खून से लथपथ शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शव की पहचान 55 वर्षीय रविशंकर पटेल के रूप में हुई है। मृतक रविशंकर पटेल खेती-किसानी का काम करता था और अक्सर अपने खेत में ही रुकता था। बुधवार रात भी वह खेत पर ही ठहरा हुआ था।
लेकिन गुरुवार सुबह जब परिजन खेत पहुंचे तो उन्होंने देखा कि रविशंकर खून से लथपथ हालत में मृत पड़ा है। घटना की खबर फैलते ही गांव में दहशत का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों का कहना है कि रविशंकर सीधे-साधे इंसान थे और उनकी किसी से खास दुश्मनी भी नहीं थी। ऐसे में उनकी हत्या क्यों और किसने की—यह सवाल सबके लिए रहस्य बना हुआ है।
पुलिस को जैसे ही जानकारी मिली, बरेला थाने का पूरा स्टाफ मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने घटनास्थल को घेरकर बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही एफएसएल टीम को बुलाकर सबूत जुटाए गए। शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला मर्डर का लग रहा है। मृतक के शरीर पर धारदार हथियार से किए गए गंभीर चोटों के निशान मिले हैं।
पुलिस ने मृतक के परिचितों और आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस जमीन विवाद, पुरानी रंजिश या किसी अन्य वजह से हुई हत्या की आशंका पर भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण और समय स्पष्ट हो सकेगा। तब तक मामले के हर पहलू की गहराई से जांच जारी है।