सागर-सुबह 8 बजे चला नगर निगम के अतिक्रमण हटाने वाली टीम का चाबुक, लाइन तोड़ी तो ठेला जब्त
सागर शहर के कटरा बाजार में बुधवार की सुबह नगर निगम का अतिक्रमण विरोधी दल सड़कों पर सक्रिय नजर आया। आयुक्त के निर्देश पर सुबह 8 बजे से यह कार्रवाई शुरू हुई। इस दौरान सड़क पर खड़े ठेले, दुकानों के आगे फैलाया गया सामान और अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। निगम टीम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बार-बार नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। सुबह अतिक्रमण हटाने की बड़ी कार्रवाई कटरा बाजार इलाके में हुई।
निगम का अमला सुबह 8 बजे से मौके पर पहुंचा और कार्रवाई शुरू की। सबसे पहले बीच सड़क पर खड़ा एक सब्जी का ठेला जप्त किया गया। इसके बाद मस्जिद से विजय टॉकीज रोड तक लगाए गए ठेलों को व्यवस्थित किया गया और लाइनअप कराया गया। अधिकारियों ने ठेला संचालकों को साफ निर्देश दिए कि अगर किसी का ठेला लाइन से बाहर पाया गया तो उसे तत्काल जप्त कर लिया जाएगा। निगम ने बाजार में लगातार जाम और अव्यवस्था को देखते हुए यह कार्रवाई की।
निगम की टीम का कहना है कि कटरा बाजार और आसपास की सड़कों पर पैदल चलने वालों को आए दिन परेशानी होती है। सड़क पर ठेले और अवैध अतिक्रमण की वजह से यातायात भी प्रभावित होता है। यही वजह है कि आयुक्त के निर्देश पर यह सख्त कदम उठाया गया है। स्थानीय लोगों ने इस कार्रवाई का समर्थन किया और कहा कि इससे बाजार में व्यवस्था बनी रहेगी और खरीदारों को भी आसानी होगी। वहीं, कुछ ठेला संचालक नाराज दिखे, लेकिन निगम अधिकारियों ने दो टूक कहा कि नियमों का पालन करना सभी के लिए जरूरी है। नगर निगम कमिश्नर राजकुमार खत्री के निर्देश पर नगर निगम और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की।