जबलपुर एसपी ऑफिस में पहुंचे एक पति और दो पत्नियां, फिर देखिए क्या हुआ |SAGAR TV NEWS|
जबलपुर में मंगलवार को एसपी ऑफिस उस समय अखाड़ा बन गया, जब एक युवक की दो पत्नियां आमने-सामने आ गईं। दोनों महिलाओं ने एक-दूसरे पर मारपीट शुरू कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने बीच-बचाव कर किसी तरह दोनों को अलग किया।
मामला अभिषेक वंशकार नाम के युवक से जुड़ा है, जिसने कथित रूप से दो महिलाओं से शादी की। पहली पत्नी प्रीति वंशकार ने बताया कि उसकी शादी अभिषेक से छह साल पहले हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। उसका आरोप है कि अभिषेक ने उसे घर से निकाल दिया और बिना तलाक दिए दूसरी महिला को घर ले आया।
प्रीति का कहना है, “रीति-रिवाज से मेरी शादी हुई थी। मेरी एक बेटी की मौत हो चुकी है और अब मेरे पास सिर्फ एक बेटा है। मेरा ऑपरेशन हो चुका है, इसी वजह से ससुराल वाले और मेरा पति अब मुझे नहीं रखना चाहते। उन्होंने मुझे मारपीट कर घर से निकाल दिया और दूसरी औरत को घर में ले आए। मैं अब अपने बच्चे को लेकर कहां जाऊं?”
जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराने पहुंची प्रीति की अचानक दूसरी पत्नी छाया से भिड़ंत हो गई। दोनों के बीच जमकर झगड़ा हुआ और उन्होंने एक-दूसरे के साथ मारपीट कर दी। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों को हस्तक्षेप कर मामला शांत कराना पड़ा।
पुलिस का कहना है कि पहली पत्नी प्रीति ने पति द्वारा दूसरी शादी करने की शिकायत की है। दोनों पक्ष एसपी ऑफिस पहुंचे थे, जहां आपसी बहस झगड़े में बदल गई। इस घटनाक्रम से संबंधित रिपोर्ट सिविल लाइन थाने को भेज दी गई है, जहां मामले की जांच की जाएगी।