धसान नदी के टापू से 20 लोग सुरक्षित निकाले, अवैध रेत खनन करते फंसे – रात 2 बजे चला रेस्क्यू अभियान
एमपी के सागर संभाग के टीकमगढ़ जिले से बड़ी खबर सामने आई है। कुडीला थाना क्षेत्र की धसान नदी में अचानक जलस्तर बढ़ने से 20 लोग नदी के टापू पर फंस गए थे। ये घटना बाराघाट इलाके की है, जहाँ देर रात पुलिस, प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर सभी को सुरक्षित बाहर निकाला। बाराघाट इलाके में सोमवार को धसान नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। बताया जा रहा है कि कुडीला और कोटरा गांव के 20 लोग नदी किनारे ट्रैक्टर लेकर रेत निकालने गए थे।
इस दौरान पानी का बहाव तेज हो गया और सभी लोग नदी के बीच बने टापू पर फंस गए। दोपहर करीब 1 बजे ग्रामीणों ने इस घटना की सूचना दी। मामले की जानकारी मिलते ही बल्देवगढ़ एसडीएम, एसडीओपी और एसडीआरएफ की टीम रात को मौके पर पहुंची। मोटरबोट की मदद से करीब तीन से चार घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद रात दो बजे तक सभी फंसे लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
होमगार्ड कमांडेंट बी.पी. नामदेव ने बताया कि सूचना मिलने के तुरंत बाद टीम रवाना की गई थी। ग्रामीण अवैध रेत खनन करने के लिए नदी में गए थे और अचानक पानी बढ़ने से बीच टापू पर फंस गए। पूरी रात चले इस रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान बड़ी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन अंततः सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना के बाद प्रशासन ने ग्रामीणों को चेतावनी दी है कि बरसात के मौसम में नदी किनारे इस तरह की गतिविधियों से दूरी बनाएँ। साथ ही अवैध खनन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।