लगातार बारिश से जलभराव, घरों में घुसा पानी, कई इलाके डूबे, कमर तक पानी में फंसे लोग, प्रशासन अलर्ट
लगातार हो रही बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कहीं सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं, तो कहीं घरों तक पानी घुस गया। हालात यह रहे कि कई जगह लोगों को कमर तक पानी में चलते हुए देखा गया। सबसे ज्यादा असर मध्यप्रदेश के रतलाम जिले में नामली और पलसोड़ा नगर में देखने को मिला, जहां कई मोहल्लों में जलभराव हो गया। बारिश का पानी निचले इलाकों में बने घरों में घुस गया। अचानक पानी भर जाने से लोगों को रातभर जागकर हालात संभालने पड़े। निचले इलाकों में बढ़ते पानी को देखते हुए प्रशासन अलर्ट हो गया। तहसीलदार और पुलिसकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। लोगों को सुरक्षित जगहों पर जाने की समझाइश दी गई।
स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए प्रशासन ने एसडीआरएफ टीम को भी मौके पर बुलवाया। टीम ने जलभराव वाले इलाकों का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उन्हें खतरे से सतर्क रहने की सलाह दी। गनीमत यह रही कि इस भारी बारिश और जलभराव के बावजूद अब तक किसी भी तरह की जनहानि की खबर नहीं है। हालांकि, लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और नगर निगम के साथ प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। रतलाम में लगातार हो रही बारिश से हालात फिलहाल नियंत्रण में हैं, लेकिन यदि बारिश का दौर ऐसे ही जारी रहा तो जलभराव और गंभीर हो सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और सुरक्षा के सभी नियमों का पालन करें।