बारिश में गिरी कच्ची दीवार, पति की मौत, पत्नी घायल, गांव में मातम,बच्चों के सिर से उठा साया
एमपी के सागर संभाग के दमोह जिले के हटा ब्लॉक के ग्राम भटिया से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। रविवार देर रात तेज बारिश के कारण कच्चे मकान की दीवार ढह गई, जिसमें पति-पत्नी दब गए। हादसे में पति की जान चली गई जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। यह घटना रात करीब 2:30 बजे की है। ग्राम पंचायत भटिया में देवेंद्र लोधी अपने परिवार के साथ कच्चे मकान में सो रहे थे। अचानक बारिश के चलते घर की दीवार गिर गई और पति-पत्नी मलबे में दब गए। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक देवेंद्र लोधी, उम्र 42 वर्ष, की जान जा चुकी थी। उनकी पत्नी पूनम लोधी, उम्र 38 वर्ष, घायल हुईं जिन्हें परिजन इलाज के लिए हटा अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से उन्हें दमोह के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
ग्राम सरपंच राजेश पटेरिया ने बताया कि हादसा रात 2:30 बजे बारिश के कारण हुआ। मृतक देवेंद्र खेती किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके दो बेटे हैं, जिनकी उम्र 15 और 12 साल है। सरपंच का कहना है कि शासन की योजनाओं के तहत पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिलाई जाएगी। हटा अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद देवेंद्र का शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिवार ने गांव में अंतिम संस्कार कर दिया है। इधर, देवेंद्र की पत्नी पूनम लोधी को अभी तक उनके पति की जान की जानकारी नहीं दी गई है। तेज बारिश के बीच हुए इस हादसे ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में जर्जर कच्चे मकानों में रहने वालों के लिए प्रशासन को सुरक्षा इंतजाम करने चाहिए।