Sagar - दरवाजा खोलते ही होश फाख्ता, बाहर देखते ही... अब शाम के बाद पूरे गांव में छा जाता सन्नाटा
सागर जिले के सहजपुरी खुर्द गांव में लोग कई दिन से अनजाने भय और डर के साये में जी रहे हैं। दरअसल गांव के मुहाने पर बने घर के बाहर किसी ने तंत्र क्रिया कर जादू—टोना की वस्तुएं रख दी थीं। सूरज की पहली किरण के साथ ही गांव में भय का माहौल बन गया...
सागर: जिले के रहली थाना क्षेत्र में सहजपुरी खुर्द गांव का हर व्यक्ति और बच्चा-बच्चा डरा हुआ है। शाम होते ही लोग अपने घरों में दुबक जाते हैं। अंधेरे में निकलने से लोग बच रहे हैं। लोगों के भय का करण जादू-टोना और तंत्र क्रिया की दहशत है। दरअसल कुछ दिन पहले एक घर के सामने किसी ने तंत्र क्रिया कराई थी। सुबह जब दरवाजा खुला तो बाहर रखी सामग्री देखकर होश फाख्ता हो गए थे। सबसे पहले जिसने उसे देखा था उसकी तो रूह तक कांप गई थी।
रहली थाना इलाके के सहजपुरी खुर्द गांव के कुछ लोगों ने पुलिस में एक लिखित शिकायत दी है। एक फोटो भी उन्होंने पुलिस को दी है। शिकायत में बताया गया है कि रात के अंधेरे में कोई उनके घर के बाहर तंत्र क्रिया या जादू—टोना करके गया है। सुबह—सुबह जब घर का दरवाजा खोला तो बाहर केले के पत्ते पर बेसन का पुतला, हड्डी, नीबू, कचेरा काला, नीबू जिसमें लोंग लगा हुआ, सिंदूर और जासुन के फूल रखे हुए थे। यह सारा सामान किसी खास मकसद से किसी को बर्बाद करने या उस पर तंत्र विद्या करने में काम आता है।
सहजपुरी खुर्द के रहने वाले बसंते पटेल, भूपेंद्र पटेल, अरूण, हेमराज, मुकेश पटेल सहित अन्य गांव वालों ने इस मामले को किसी की साजिश बताते हुए एक शिकायती पत्र रहली पुलिस थाने को दिया है। इसमें बताय गया है कि पूरे गांव में डर और दहशत का माहौल बना है। महिलाएं—बच्चे घर से बाहर निकलने तक में डर रहे हैं। मामले में जांच कर दोषी लोगों पर कार्रवाई की जाना चाहिए।