सागर में कांग्रेस का प्रदर्शन, 27% आरक्षण लागू करने की मांग, सरकार की अधिसूचना वापस लेने पर जोर
सागर जिला शहर कांग्रेस कमेटी ने 27 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण से जुड़े लंबित प्रकरणों के समाधान की मांग को लेकर कलेक्टर को मांग पत्र सौंपा। यह मांग पत्र महामहिम राज्यपाल के नाम संबोधित किया गया था। शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा ओबीसी वर्ग के खिलाफ जारी अधिसूचना को तत्काल वापस लिया जाना चाहिए। अगर ऐसा किया जाता है तो 90% समस्या अपने आप समाप्त हो जाएगी और ओबीसी वर्ग को उसका विधिसम्मत लाभ मिल सकेगा।
कांग्रेस ने रखे मुख्य बिंदु, 8 मार्च 2019 को राज्य सरकार ने अध्यादेश लाकर ओबीसी आरक्षण 14% से बढ़ाकर 27% किया। इस अध्यादेश को न्यायालय में चुनौती दी गई, जिसके बाद हाईकोर्ट ने सीमित अंतरिम आदेश दिया। 14 अगस्त 2019 को विधानसभा में संशोधन अधिनियम पारित किया गया, जिस पर आज तक कोई स्थगन आदेश नहीं है। करीब 70 याचिकाएं सुप्रीम कोर्ट में लंबित हैं, जिनमें अधिकांश ओबीसी वर्ग द्वारा अपने हक की मांग को लेकर दायर की गई हैं।
लेकिन राज्य सरकार की अधिसूचना खुद कानून के विपरीत है, जिससे विवाद की स्थिति बनी हुई है। मांग पत्र का वाचन पूर्व जिलाध्यक्ष जगदीश यादव ने किया और आभार कांग्रेस प्रवक्ता आशीष ज्योतिषी ने व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी, पूर्व विधायक सुनील जैन, ग्रामीण अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल चौबे, पार्षद, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।