सागर- चोर अब घरों के 30 बल्ब भी चोरी कर ले गए, अज्ञात बदमाशों ने बाइक को लगाई आग |SAGAR TV NEWS|
सागर जिले के खुरई शहरी थाना क्षेत्र के मुहली व्यास गांव में देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब एक व्यक्ति की बाइक अचानक धू-धू कर जल उठी। इसी के साथ गांव के करीब 25 से 30 घरों के बाहर लगे बल्ब भी अज्ञात लोगों ने निकाल लिए।
पीड़ित शरद व्यास ने बताया कि उनकी बाइक घर के बाहर खड़ी थी, तभी कुछ अज्ञात लोगों ने उसमें आग लगा दी। देखते ही देखते बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। इसी बीच ग्रामीणों को पता चला कि लगभग पूरे गांव के घरों से बिजली के बल्ब भी निकाल लिए गए हैं। इस घटना के बाद गांव में सन्नाटा छा गया।
ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी गांव में कुछ छुटपुट घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पहली बार इतनी बड़ी वारदात सामने आई है। हर कोई दहशत में है और लोग रातभर घरों के बाहर पहरा देने को मजबूर हैं।
पीड़ित शरद व्यास ने इस मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल घटना के पीछे की वजहों का पता नहीं चल पाया है। गांव के लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही आरोपियों को पकड़ा नहीं गया तो माहौल और बिगड़ सकता है।