वैष्णो देवी भूस्खलन में मध्यप्रदेश के दो श्रद्धालुओं की मौत, तीन घायल,40 घंटे बाद मिले दो लापता
जम्मू के कटरा में वैष्णो देवी मंदिर के ट्रैक पर हुए भीषण भूस्खलन में एमपी के मंदसौर जिले के सात श्रद्धालुओं का दल भी हादसे की चपेट में आ गया। इनमें से दो लोगों की जान चली गई, जबकि तीन घायल हैं। वहीं 40 घंटे बाद लापता हुए दो श्रद्धालु सुरक्षित मिल गए। हादसा 26 अगस्त की दोपहर करीब 3 बजे अर्धकुमारी मंदिर से कुछ दूरी पर इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास हुआ था। इस लैंडस्लाइड में अब तक 34 लोगों की जान जाने की पुष्टि हो चुकी है।
एमपी के मंदसौर जिले की मल्हारगढ़ विधानसभा के भीलखेड़ी गांव से सात श्रद्धालु दर्शन के लिए निकले थे। इनमें फकीरचंद गुर्जर (50), उनकी पत्नी सोहन बाई (47), रतन बाई (65), देवीलाल (45), ममता (30), परमानंद (29) और अर्जुन (28) शामिल थे। हादसे में फकीरचंद और रतन बाई की मौके पर ही जान चली गई। सोहन बाई, देवीलाल और ममता घायल हैं और कटरा अस्पताल में इलाज जारी है। परमानंद और अर्जुन हादसे के बाद लापता हो गए थे, जिन्हें गुरुवार सुबह 40 घंटे की तलाश के बाद सुरक्षित ढूंढ लिया गया। हादसे की खबर से भीलखेड़ी गांव में मातम छा गया है। ग्रामीण लगातार पीड़ित परिवारों के संपर्क में हैं। इस बीच, मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भी जम्मू-कश्मीर प्रशासन और मंदसौर कलेक्टर से चर्चा कर घायलों के इलाज और परिजनों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।