सागर- तालाब के एलिवेटेड कॉरिडोर के नीचे झील से बरामद अज्ञात शव, पुलिस जांच में जुटी |SAGAR TV NEWS
सागर शहर के एलिवेटेड कॉरिडोर के नीचे स्थित झील में गुरुवार दोपहर एक अज्ञात शव मिलने से सनसनी फैल गई। झील में शव तैरता देख लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी के मुताबिक, दोपहर में सिक्योरिटी गार्ड आकाश और अमन ब्रिज के नीचे केबल चेक करने पहुंचे थे। तभी उन्हें पानी में शव अतराता हुआ दिखाई दिया। गार्ड्स ने तुरंत अपने सुपरवाइजर विक्की रैकवार को खबर दी। सुपरवाइजर ने पुलिस को जानकारी दी और कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। गार्ड संजू रैकवार की मदद से नाव के जरिए शव को बाहर निकाला गया। शव काफी देर तक पानी में रहने की वजह से क्षत-विक्षत हालत में था।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शव की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। आसपास के थानों और लापता व्यक्तियों की रिपोर्ट से मिलान कराया जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मौत के कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा। इस घटना से आसपास के क्षेत्र में दहशत और तरह-तरह की चर्चाएं फैल गई हैं। लोग अनुमान लगा रहे हैं कि यह हादसा है या फिर किसी अपराध से जुड़ा मामला। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है।