जीतू पटवारी का दावा MP में महिलाएं देशभर में सबसे ज्यादा पीती शराब, BJP ने बताया लाड़ली बहनो का अपमान
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के एक बयान ने मध्य प्रदेश की सियासत को गर्मा दिया है। जीतू पटवारी ने दावा किया कि देशभर में महिलाओं द्वारा सबसे ज्यादा शराब मध्य प्रदेश में पीती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को यह “तमगा” बीजेपी सरकार की नीतियों की वजह से मिला है। भोपाल में मीडिया से बातचीत के दौरान पटवारी ने बेरोजगारी, कुपोषण और नशे के बढ़ते कारोबार पर सरकार को घेरा।
जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में ड्रग्स और शराब का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है और सरकार इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही। उन्होंने कहा कि “लाड़ली बहनों के नाम पर वोट तो ले लिए गए, लेकिन आज हालत यह है कि बहनें और बेटियां नशे की चपेट में आ रही हैं।”
उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इसके बाद बीजेपी ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इसे प्रदेश की आधी आबादी का अपमान बताया और पटवारी से सार्वजनिक माफी की मांग की। सीएम ने कहा कि “लाड़ली बहनों को शराबी बताना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस बार-बार महिलाओं का अपमान करती है और यह मानसिकता ठीक नहीं है।”
राज्य में नशे के कारोबार को लेकर लंबे समय से विवाद और चर्चाएं होती रही हैं। सरकार दावा करती है कि वह अभियान चलाकर इसे रोकने का प्रयास कर रही है, वहीं कांग्रेस का आरोप है कि सरकार की पहल नाकाम साबित हो रही है। अब पटवारी के बयान ने इस मुद्दे को महिला सम्मान से जोड़ते हुए राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है।