सागर में कोतवाली थाने के सामने ठगी, बुजुर्ग दुकानदार से 70 हजार के जेवर ले उड़े ब-द-मा-श
सागर शहर के बीचोंबीच, कोतवाली थाना परिसर से चंद कदम की दूरी पर दिन-दहाड़े हुई ठगी ने पुलिस की सक्रियता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दोना-पत्तल बेचने वाले 75 वर्षीय बुजुर्ग दुकानदार को महज पाँच मिनट के भीतर ठगों ने 60 से 70 हजार रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी से ठगा और आराम से बाइक पर बैठकर फरार हो गए। घटना सोमवार की दोपहर की है।
कोतवाली थाने के सामने फुटपाथ पर दोना-पत्तल बेचने वाले लक्ष्मीनारायण सेन के पास एक अधेड़ व्यक्ति आया। गले में केसरिया गमछा डाले इस ठग ने पहले 100 पत्तल मांगे और 500 रुपए का नोट दिया। फिर उसने बुजुर्ग को नोट गल्ले में रखने की बात कही। इस बीच उसने झांसा देकर बुजुर्ग की अंगूठी उतरवा ली और कैंची से गले का चेन-लॉकेट काट लिया। तभी उसका साथी काली पल्सर बाइक लेकर पहुंचा। दोनों ने और पैसे देने का बहाना किया और पत्तल लेने का कहकर तेजी से बाइक से फरार हो गए।
कुछ देर बाद जब लक्ष्मीनारायण ने दराज खोला तो देखा कि अंगूठी, चेन-लॉकेट और करीब दो हजार की नकदी गायब है। घबराए बुजुर्ग ने अपनी पत्नी और बेटी को बुलाया और तुरंत थाने पहुंचे। चौंकाने वाली बात यह रही कि वारदात थाने के सामने हुई, लेकिन पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करने की बजाय पीड़ित को आवेदन लिखने के लिए बैठा दिया। बुजुर्ग की बेटी खुशबू ने खुद आवेदन लिखा और मोबाइल से वीडियो क्लिप भी पुलिस को दी, लेकिन 24 घंटे बाद तक जांच आगे नहीं बढ़ सकी।