सागर में बहेरिया पुलिस ने पकड़ा शराब से भरा ट्रक, देर रात तक पेटियों की गिनती, जब्त हुई शराब की खेप
सागर के बहेरिया थाना पुलिस ने रविवार देर रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शराब से भरा ट्रक पकड़ा। इस ट्रक में देशी और विदेशी शराब की पेटियां भरी हुई थीं। पुलिस जब ट्रक को थाने लेकर पहुंची तो देर रात तक जवान पेटियों की गिनती में जुटे रहे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बंडा रोड पर एक ट्रक के जरिए बड़ी मात्रा में अवैध शराब ले जाई जा रही है। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने ओवरब्रिज के पास ट्रक को रोककर तलाशी ली तो ट्रक में देशी और अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप मिली।
कार्रवाई के बाद पुलिस ने ट्रक और शराब को जब्त कर थाने पहुंचाया। यहां पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में शराब की गिनती शुरू की गई, जो देर रात तक चलती रही। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने अब तक इस पूरे मामले में आधिकारिक रूप से कोई बड़ा खुलासा नहीं किया है।पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में शराब कहां से लाई गई थी और इसे सागर में कहां खपाने की योजना थी।
साथ ही ट्रक से संबंधित दस्तावेजों और मालिक की जानकारी भी खंगाली जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि शराब किसी गिरोह की है या फिर इसे किसी विशेष आयोजन के लिए लाया जा रहा था। इस कार्रवाई के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है, क्योंकि इतनी बड़ी मात्रा में शराब की खेप पकड़े जाने से यह साफ हो गया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार गहरी जड़ें जमा चुका है। अब देखना होगा कि पुलिस इस कार्रवाई के बाद किन-किन लोगों तक पहुंच पाती है।