भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुईं नगर परिषद अध्यक्ष, अविश्वास प्रस्ताव से पहले सियासी उलटफेर
जिले की राजनीति में रविवार को बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जब एमपी के आगर मालवा जिले की सुसनेर नगर परिषद की अध्यक्ष लक्ष्मी राहुल सिसोदिया ने भाजपा का दामन छोड़कर कांग्रेस का हाथ थाम लिया। कांग्रेस नेताओं ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई और दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। कांग्रेस विधायक भैरोंसिंह परिहार और पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में सिसोदिया ने कांग्रेस जॉइन की। इस मौके पर विधायक परिहार ने कहा कि सिसोदिया को उनकी ही पार्टी (भाजपा) के लोग पद से हटाने की साजिश रच रहे थे। कांग्रेस में शामिल होने से संगठन को और मजबूती मिलेगी।
यह राजनीतिक घटनाक्रम उस समय हुआ है, जब सिसोदिया के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया चल रही है। कुछ दिन पहले ही भाजपा और कांग्रेस के कुल 12 पार्षदों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव दायर किया था। शनिवार को इन्हीं पार्षदों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सिसोदिया पर भ्रष्टाचार और मनमानी के गंभीर आरोप लगाए थे। स्थानीय राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि अविश्वास प्रस्ताव के दबाव और लगातार बढ़ते आरोपों से बचने के लिए सिसोदिया ने भाजपा छोड़ कांग्रेस का रास्ता चुना।
कांग्रेस नेताओं का मानना है कि यह कदम स्थानीय राजनीति में नया समीकरण खड़ा करेगा। सुसनेर में इस घटनाक्रम को लेकर चर्चाओं का दौर तेज है। जहां कांग्रेस कार्यकर्ता इसे अपनी जीत मान रहे हैं, वहीं भाजपा खेमे में इस बदलाव से हलचल मची हुई है। आने वाले दिनों में नगर परिषद की राजनीति किस ओर करवट लेगी, यह देखना दिलचस्प होगा।