सिद्धार्थ-जान्हवी ने किया बाबा महाकाल का दर्शन, उज्जैन में फिल्मी सितारों का आगमन
मध्यप्रदेश के उज्जैन में आज बॉलीवुड की चमक देखने को मिली। अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा और अभिनेत्री जान्हवी कपूर बाबा महाकाल के दर्शन के लिए उज्जैन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने गर्भगृह के बाहर से पूजा अर्चना की और बाबा से आशीर्वाद लिया। उज्जैन का विश्व प्रसिद्ध महाकाल मंदिर लगातार फिल्मी सितारों और वीआईपी मेहमानों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। इसी कड़ी में आज अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा और अभिनेत्री जान्हवी कपूर यहां पहुंचे। दोनों ने मंदिर में प्रवेश करते ही गर्भगृह के बाहर से बाबा महाकाल की विधिवत पूजा अर्चना की।
पूजन की विधि पंडित राजेश शर्मा द्वारा सम्पन्न कराई गई। दर्शन के बाद मंदिर समिति की ओर से दोनों कलाकारों का शॉल और प्रसादी देकर सम्मान भी किया गया। दर्शन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कई लोग अपने पसंदीदा कलाकारों को देख कर उत्साहित नज़र आए। वहीं मंदिर प्रबंधन का कहना है कि महाकाल की नगरी आने वाले फिल्मी कलाकार यहां की धार्मिक और आध्यात्मिक पहचान से प्रभावित हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि सिद्धार्थ और जान्हवी दोनों इन दिनों मध्यप्रदेश में अपनी आने वाली फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हैं, और इसी दौरान वे उज्जैन पहुंचे।