Sagar - रहली में 900 परिवारों का होगा विस्थापन, 15 लाख मुआवजा तय, टाइगर रिजर्व से हटेंगे परिवार
सागर जिले के रहली से बड़ी खबर… वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में बसे ग्रामीणों का विस्थापन अब तय हो चुका है। यहां करीब 900 परिवारों की फाइलें तैयार कर ली गई हैं। सरकार ने हर परिवार को 15 लाख रुपये का मुआवजा देने का प्रावधान किया है। दरअसल, टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में रहने वाले 900 परिवारों का जीवन वन्य जीवों और जंगल के बीच लगातार चुनौतीपूर्ण बना हुआ था।
अब इन परिवारों को विस्थापित करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। सरकार ने तय किया है कि प्रत्येक परिवार को 15 लाख रुपये मुआवजा दिया जाएगा। पति-पत्नी को एक परिवार माना जाएगा, वहीं 18 वर्ष से अधिक उम्र के वयस्क और विकलांग सदस्य को अलग से मुआवजा पैकेज मिलेगा।
हालांकि अधिकांश लोग इस राशि को लेकर विस्थापन के लिए तैयार हैं, लेकिन कुछ ग्रामीणों का कहना है कि 15 लाख रुपये खेती और मकान दोनों के बदले बहुत कम हैं। उनका तर्क है कि इतने पैसे से आधी भी जमीन नहीं खरीदी जा सकती। वे मुआवजा राशि बढ़ाने और जमीन का अलग से मूल्यांकन करने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीण ने बताया कि सरकार सभी को एक समान राशि दे रही है।
चाहे किसी के पास झोपड़ी हो या पक्के मकान और बड़ी खेती… सबको केवल 15 लाख रुपये ही मिल रहे हैं। इस राशि में हम फिर से अपनी जमीन और घर कैसे बसाएंगे? अब देखना होगा कि प्रशासन ग्रामीणों की मांगों पर क्या रुख अपनाता है और क्या इन परिवारों को अतिरिक्त राहत मिल पाएगी। फिलहाल विस्थापन की तैयारी तेज हो चुकी है।