CCTV बना गवाह, दो बड़ी चोरी का खुलासा, शातिर चोरों से लाखों का माल बरामद |SAGAR TV NEWS|
एमपी के शहडोल जिले के धनपुरी थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातों ने लोगों की नींद उड़ा दी है। रक्षा बंधन के दिन जब लोग अपने घरों को छोड़कर रिश्तेदारों के यहां त्योहार मनाने गए थे, उसी दौरान चोरों ने सुनसान पड़े मकानों को निशाना बनाकर लाखों का सामान पार कर दिया। लेकिन इस बार चोर CCTV कैमरे की निगाहों से बच नहीं पाया।
पुलिस ने फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे छत्तीसगढ़ से दबोच लिया। धनपुरी के कच्छी मोहल्ले में रहने वाले अब्दुल फजल के घर पर सबसे पहले चोर ने धावा बोला। आरोपी ने खिड़की तोड़कर 60 हजार रुपये नगद और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। इसके बाद बगल में रहने वाली उषा तिवारी के घर का दरवाजा तोड़कर एलईडी टीवी, चांदी के सिक्के, जेवर और नगदी सहित लाखों का सामान ले उड़ा। ये पूरी वारदात अब्दुल फजल के घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान रूपेंद्र लोनिया के रूप में की। आरोपी को छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में रूपेंद्र ने चोरी की वारदातों को कबूलते हुए बताया कि उसने जेवरात धनपुरी के सोनार सोनी अभिमन्यु और धर्मराज को बेचे थे। पुलिस ने दोनों सोनारों को भी गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी का माल बरामद कर लिया।
इतना ही नहीं, आरोपी रूपेंद्र ने अमलाई में अपने पड़ोसी की बाइक चोरी करने की भी बात स्वीकार की, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि उस पर छत्तीसगढ़ में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। धनपुरी थाना प्रभारी खेम सिंह पेंद्रो ने बताया कि CCTV की मदद से वारदात का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि, इस वारदात ने त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की चुनौतियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।