बाढ़ में बहकर आए तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों सहित नदी में बहा लाखों का सामान, बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
जिले के राजपुर से बड़ी खबर है। शनिवार अल सुबह हुई मूसलाधार बारिश के बाद नदी-नाले उफान पर आ गए। रूपा नदी में आई बाढ़ ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। एमपी के बड़वानी जिले के राजपुर में शनिवार सुबह की बारिश ने बड़वानी जिले के राजपुर क्षेत्र की तस्वीर बदल दी। रूपा नदी में अचानक आई बाढ़ ने पूरे इलाके में तबाही मचा दी। जैसे-जैसे पानी उतर रहा है, वैसे-वैसे बाढ़ की मार्मिक तस्वीरें सामने आ रही हैं। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक, बाढ़ में बहकर आए तीन ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को नदी से निकाल लिया गया है। वहीं कई दोपहिया वाहनों के भी बह जाने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन का कहना है कि पानी पूरी तरह उतरने के बाद ही नुकसान का सही अनुमान लगाया जा सकेगा।
बाढ़ का पानी घरों और दुकानों तक घुस गया। लोगों का घरेलू सामान और दुकानों का माल बह गया, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। स्थानीय लोग अब अपने घरों और प्रतिष्ठानों की सफाई में जुट गए हैं। सबसे मार्मिक मामला एक स्थानीय कुम्हार का है, जिसके करीब 300 मटके और औजार बाढ़ में बह गए। इससे उसे लगभग एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। अब उसके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच चुकी है और नुकसान का आकलन कर रही है। नदी से ट्रैक्टर और अन्य वाहन निकालने का काम भी लगातार जारी है। वहीं प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नदी-नालों के किनारे न जाएं और पूरी तरह अलर्ट पर रहें।