51 लाख की स्मैक बरामद, राजस्थान का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की बड़ी कार्रवाई – नशे की खेप जब्त
पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 51 लाख रुपये की कीमत की स्मैक बरामद की है। आरोपी राजस्थान के झालाबाड़ जिले का रहने वाला बताया जा रहा है। मामला 13 अगस्त 2025 का है, जब एमपी के शिवपुरी की थाना देहात पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि ग्राम बिलोकलां के आगे रोड पुलिया के पास एक व्यक्ति संदिग्ध हालत में खड़ा है और स्मैक बेचने की फिराक में है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान नानूराम तंवर (38) पिता हीरालाल तंवर, निवासी ग्राम पाटरी, थाना घाटौली, जिला झालाबाड़ (राजस्थान) के रूप में हुई। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 255 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 51 लाख रुपये आंकी गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले ने बताया कि आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसे पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि स्मैक की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। पुलिस का मानना है कि यह नेटवर्क राजस्थान और मध्यप्रदेश में फैला हो सकता है, जिसके तार अन्य राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में और गिरफ्तारियां संभव हैं। इस बड़ी कार्रवाई के बाद पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।