सागर में राशन संकट – तीन माह से वंचित उपभोक्ता, ग्रामीणों का हंगामा, राशन वितरण को लेकर नारेबाजी
तीन महीने से राशन न मिलने से नाराज सैकड़ों उपभोक्ता बुधवार दोपहर गुस्से में तहसील कार्यालय पहुंच गए। ग्रामीण ट्रैक्टरों में सवार होकर दोपहर करीब 12 बजे दफ्तर पहुंचे और वहां राशन दिलाने की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी करने लगे। मौके पर न तो अनुविभागीय अधिकारी थे और न ही तहसीलदार, जिसके कारण ग्रामीणों ने मुख्य गेट पर ही धरना दे दिया। करीब तीन घंटे तक धरना जारी रहा। अंततः जब एसडीएम मौके पर पहुंचे तो उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनका ज्ञापन लिया।
दरअसल सागर जिले की बंडा विधानसभा के शाहगढ़ तहसील के ग्राम खरगोरानी में ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ग्राम खरगोरानी के राशन दुकान संचालक तुलसीराम तिवारी ने तीन माह का राशन पीओएस मशीन से निकाल तो लिया, लेकिन वितरण से इंकार कर दिया। उनका कहना है कि यह मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और उन्हें तुरंत तीन महीने का बकाया राशन दिलाया जाए। साथ ही, वे चाहते हैं कि राशन दुकान फिर से ग्राम खरगोरानी में ही संचालित हो।
दूसरी ओर, राशन दुकान संचालक तुलसीराम तिवारी का कहना है कि उन्होंने 26 जून को मई और जून महीने का राशन बांटा था और बुधवार को वह जुलाई और अगस्त का राशन वितरण कर रहे थे। लेकिन उपभोक्ता इस बात पर अड़े हुए हैं कि दुकान ग्राम खरगोरानी में ही खुले। उनका आरोप है कि इसी मांग को लेकर उपभोक्ता तहसील कार्यालय शिकायत करने पहुंच गए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द ही उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। वहीं, एसडीएम ने आश्वासन दिया है कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और पात्र उपभोक्ताओं को उनका हक समय पर मिलेगा।