Sagar- रक्षाबंधन पर मामा के घर आया भांजा नदी में डूबा, तेज बहाव में समाया मासूम, SDRF की खोज जारी
रक्षाबंधन की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब मामा के घर आया एक 9 वर्षीय बालक सुनार नदी में डूब गया। सागर जिले के गढ़ाकोटा में सोमवार को घटना घूनी घाट पर हुई, जहां तेज बहाव में बहने के बाद अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। जानकारी के अनुसार, गोलू उर्फ दिवाकर पिता कमलेश कोरी, निवासी हटा, जिला दमोह, रक्षाबंधन मनाने के लिए अपने मामा के घर, गांधी वार्ड, गढ़ाकोटा आया था। सोमवार को वह अपनी मां के साथ सुनार नदी किनारे स्थित वन खंडन माता मंदिर पहुंचा। मां मंदिर में पूजा कर रही थीं, जबकि दिवाकर नदी के ऊपरी हिस्से में बने घूनी घाट पर चला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घाट पर खड़े होने के दौरान उसका पैर फिसल गया और वह सीधे नदी में जा गिरा। आसपास मौजूद लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी के तेज बहाव ने उसे कुछ ही पलों में गहराई में समा दिया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश शुरू कराई, लेकिन बच्चा नहीं मिला। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया, जो लगातार नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। नदी किनारे रोते-बिलखते परिजनों और चिंतित ग्रामीणों की भीड़ जुटी हुई है। पूरे इलाके में घटना की चर्चा है और लोग दिवाकर की सुरक्षित वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं।