Sagar-युवा की 15 हजार किमी पदयात्रा, सनातन जागरण और गौ माता को राष्ट्रीय माता घोषित कराने का अभियान
राम का नाम हर विपत्ति से उबार देता है” — इसी आस्था को जीवन का आधार मानते हुए सागर जिले के खुरई के बरोदिया बामन गांव के 23 वर्षीय मुकेश साहू ने अब तक करीब 15 हजार किलोमीटर की धार्मिक पदयात्रा पूरी की है। उनका उद्देश्य है — युवा पीढ़ी को सनातन धर्म के प्रति जागरूक करना और गौ माता को राष्ट्रीय माता घोषित कराना।
मुकेश साहू शुक्रवार को अपने साथियों हेमंत कोरी और हेमंत अहिरवार के साथ हरिद्वार से 42 लीटर गंगाजल लेकर शुरू की गई करीब 900 किमी की कांवड़ यात्रा पूरी कर खुरई पहुंचे। शहर में गुरुकुल चौराहा पर विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने फूलमालाओं से भव्य स्वागत किया। स्वागत यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए भूतेश्वर मंदिर पहुंची, जहां हरिद्वार से लाए गए जल से भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया गया।
मुकेश साहू ने बताया कि आज के समय में देश के कई युवा गलत दिशा में जा रहे हैं। “अगर हम उन्हें सही दिशा में नहीं ले जाएंगे, तो कौन ले जाएगा?” इसी सोच के साथ उन्होंने 15 जनवरी 2024 को खुरई से अयोध्या तक 750 किमी की पदयात्रा शुरू की थी। इसके बाद से वह लगातार धार्मिक यात्राएं कर रहे हैं। हरिद्वार से शुरू हुई यह यात्रा मेरठ, आगरा, दतिया, झांसी, ललितपुर और मालथौन होते हुए खुरई पहुंची।
पूरे सफर के दौरान लोगों ने जगह-जगह उनका स्वागत किया और अभियान का समर्थन किया। मुकेश का कहना है कि यदि उनका यह प्रयास देश के लाखों युवाओं को सनातन धर्म से जोड़ देता है और गौ माता के सम्मान के लिए आवाज बुलंद करता है, तो वह अपनी यात्रा को सफल मानेंगे।