मैंने दिए सांप के बच्चों को जन्म! महिला का दावा, डॉक्टरों ने बताई असलियत
एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां रहने वाली रिंकी अहिरवार नामक महिला ने दावा किया है कि उसने सांप के तीन बच्चों को जन्म दिया है। इस अजीबोगरीब दावे के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है और महिला के घर पर लोगों की भीड़ जुट गई है। रिंकी का कहना है कि उसे पेट में तेज दर्द हुआ और इसके बाद उसने तीन "सांप के बच्चे" जन्मे। महिला का यह भी कहना है कि जो लोग इन बच्चों को देख लेते हैं, वे मर जाते हैं।
फिलहाल, इन तथाकथित "सांप के बच्चों" को एक प्लास्टिक के तसले में ढककर रखा गया है। दरअसल मामला मध्य प्रदेश के सागर संभाग के छतरपुर जिले के खजुराहो के पास राजनगर तहसील के मऊ मसनिया गांव से जहां महिला का यह भी दावा है कि वह आगे और भी सांप के बच्चों को जन्म देगी। डर और भ्रम की स्थिति के चलते परिजन महिला को इलाज के लिए राजनगर स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने पूरी सच्चाई बताई।
बीएमओ डॉ. अवधेश चतुर्वेदी ने बताया कि महिला के शरीर से निकले जीव दरअसल खून के थक्के (ब्लड क्लॉट्स) हैं। उन्होंने बताया कि महिला को हाल ही में पीरियड्स हुए थे और उसके बाद ब्लड क्लॉट जमा हो गया था, जो अब बाहर निकला है। डॉक्टर ने कहा कि "इंसान द्वारा सांप को जन्म देना जैविक रूप से असंभव है।" डॉक्टरों की टीम ने महिला को प्रारंभिक उपचार देने के बाद अल्ट्रासाउंड और बेहतर जांच के लिए छतरपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया है।
गांव में इस अजीब मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। फिलहाल, डॉक्टरों की टीम मामले की गंभीरता से जांच कर रही है ताकि हकीकत सामने आ सके और फैल रही अफवाहों पर लगाम लगाई जा सके।