Sagar- रक्षाबंधन पर बदलेगी शहर की ट्रैफिक व्यवस्था, शहर के ये रास्ते बंद रहेंगे
रक्षाबंधन का त्योहार भले ही 9 अगस्त को मनाया जाना है। लेकिन सागर के मुख्य बाजार में ग्राहकों भीड़ उमड़ने लगी है, भीड़ और त्यौहार को देखते हुए यातायात पुलिस ने मुख्य कटरा बाजार में ट्रैफिक व्यवस्था बदलने का निर्णय लिया है। ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, 8 और 9 अगस्त को रक्षाबंधन त्योहार के चलते कटरा बाजार, गुजराती बाजार, साबूलाल मार्केट, नमक मंडी, राधा तिराहा, तीन मढ़िया, घंसू मुंशी मस्जिद क्षेत्र में भीड़ भाड़ होने की संभावना है।
ऐसे में सुचारू यातायात संचालित करने के लिए 8 अगस्त दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक मुख्य बाजार में सभी तीन पहिया वाहन (ऑटो, आपे, इलेक्ट्रिक ऑटो) चार पहिया वाहन, छह पहिया वाहनों का कटरा क्षेत्र में प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
9 अगस्त को रक्षाबंधन के त्योहार को ध्यान रखते हुए दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक सभी तीन पहिया, चार पहिया वाहनों के प्रवेश पर कटरा क्षेत्र में प्रतिबंध रहेगा। भीड़ को देखते हुए वाहनों के प्रवेश प्रतिबंध को अतिरिक्त समय के लिए बढ़ाया जा सकता है।
प्रतिबंधित वाहन तीन मढ़िया, राधा तिराहा, राहतगढ़ बस स्टैंड, कोतवाली थाने के सामने, राहतगढ़ वन-वे से कटरा की ओर प्रवेश नहीं कर सकेंगे। इसके साथ ही ट्रैफिक पुलिस ने कटरा से तीन बत्ती तक सड़क किनारे स्थाई रूप से पार्क किए वाहनों को हटाकर म्युनिसिपल स्कूल या स्वयं की पार्किंग के अंदर कर लें। ऐसा नहीं करने पर उक्त वाहनों को क्रेन से हटवाया जाएगा। जिससे वाहन में होने वाली संभावित क्षति की जिम्मेदारी वाहन मालिक की होगी।