सागर-जबलपुर रोड पर कंटेनर और कार आई आमने सामने एक युवक की मौत, चार घायल |SAGAR TV NEWS|
जिले में सागर-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। यह दुर्घटना मध्यप्रदेश के सागर के परासिया स्टेडियम के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार कार गढ़ाकोटा की ओर से आ रही थी और सामने से आ रहे कंटेनर से सीधी टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। 22 वर्षीय युवक कमलेश उर्फ गोलू की मौके पर ही जान चली गई, जबकि कार में सवार चार अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और टायर तक टूटकर अलग हो गया।
राहगीरों ने बिना देर किए कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। गढ़ाकोटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने कमलेश को मृत घोषित कर दिया, जबकि बाकी चार युवकों — तरुण, राहुल, मंजीत और विकास सेन — को सागर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घटना की खबर मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से जाम हटाया और क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहन को सड़क से हटाया। गढ़ाकोटा थाने के एसआई लक्ष्मी मिश्रा ने बताया कि कंटेनर को जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार की रफ्तार बहुत तेज थी और संभवतः चालक ने कंटेनर को देर से देखा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच जारी है।