अब राखी लेने भी आएगा डाकिया! डाक विभाग की रक्षाबंधन पर बहनों को खास सौगात |SAGAR TV NEWS|
इंटरनेट और मोबाइल के इस युग में जहां डाक से पत्र भेजने का चलन लगभग खत्म हो चुका है, वहीं भारतीय डाक विभाग ने रक्षाबंधन के पावन पर्व पर एक खास पहल की है। अब बहनों को अपने भाई को राखी भेजने के लिए पोस्ट ऑफिस तक जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मध्य प्रदेश के सागर संभाग के दमोह जिले में डाक विभाग ने एक नई सेवा शुरू की है, जिसके तहत अब डाकिया राखी देने के साथ-साथ लेने भी घर आएगा। यानी बहनें बस एक कॉल करेंगी, और पोस्टमैन खुद उनके घर पहुंचकर राखी का लिफाफा और शुल्क लेकर उसे गंतव्य तक भेजने की प्रक्रिया शुरू कर देगा।
इस सेवा का कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। महिला को सिर्फ सामान्य डाक शुल्क देना होगा, और बाकी काम पोस्टमास्टर की जिम्मेदारी होगी। दमोह के पोस्टमास्टर शैलेन्द्र प्रजापति ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सुविधा को ज्यादा से ज्यादा महिलाएं इस्तेमाल कर सकें, इसके लिए दो मोबाइल नंबर भी जारी किए गए हैं। इन पर कॉल या व्हाट्सएप के जरिए संपर्क किया जा सकता है: 99789 23936, 98937 87354
उन्होंने बताया कि जैसे ही महिला संपर्क करेगी, नजदीकी पोस्टमैन संबंधित पते पर पहुंचेगा और वहीं से राखी लेकर उसे नियमानुसार तुरंत भेज दिया जाएगा। इस अनोखी पहल से उन बहनों को खास राहत मिलेगी, जो किसी कारणवश पोस्ट ऑफिस तक नहीं पहुंच सकतीं। यह सेवा रक्षाबंधन जैसे भावनात्मक त्योहार को और भी खास बना रही है।