सागर- शाहगढ़ में बंदर के बच्चे का 2 घंटे का रेस्क्यू ऑपरेशन, फिर बची जा-न |SAGAR TV NEWS|
सागर जिले के शाहगढ़ से एक अनोखी और राहत देने वाली घटना सामने आई है। नगर में लगातार बंदरों का आतंक बना हुआ है, लेकिन आज दोपहर एक मासूम बंदर के बच्चे की जान पर बन आई। नरसिंह भगवान मंदिर के पास स्थित बहुत पुराने कुएँ में खेलते-खेलते एक बंदर का बच्चा गिर गया। कुएँ के अंदर चारों ओर फिसलन थी, जिससे वह ऊपर नहीं चढ़ पा रहा था। जान बचाने के लिए वह एक पाइप के सहारे लटक कर बैठ गया। जैसे ही स्थानीय लोगों को इस घटना की जानकारी लगी, उन्होंने तुरंत वन विभाग को सूचना दी।
सूचना मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी नंदराम यादव मौके पर पहुँचे और बंदर के बच्चे को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत और सूझबूझ के बाद नंदराम यादव ने बाल्टी के सहारे बंदर के बच्चे को सकुशल बाहर निकाल लिया। जैसे ही बंदर का बच्चा बाहर आया, आसपास मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। नगर में बंदरों की बढ़ती संख्या और उनका आतंक लगातार परेशानी का कारण बन रहा है।
लेकिन आज की इस घटना ने यह भी दिखाया कि वन विभाग और स्थानीय लोग समय पर मिलकर जानवरों की जान बचाने के लिए भी पूरी कोशिश करते हैं। वन विभाग की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है और नगरवासियों ने भी राहत जताई कि मासूम बंदर के बच्चे की जान बच गई।