CCTV इंस्टा पोस्ट पर छिड़ा विवाद, स्कूल में पहुंचा युवक; छात्र से हुई कहासुनी, पुलिस जांच में जुटी| जबलपुर न्यूज़
सोशल मीडिया पर पोस्ट को लेकर दो लड़को में हुए विवाद ने ऐसा तूल पकड़ा की एक लड़का एक निजी स्कूल में चाकू लेकर घुस गया। मामला जबलपुर का है। जानकारी के मुताबिक, करीब एक हफ्ते पहले इंस्टाग्राम पर पोस्ट को लेकर दो युवकों के बीच कहासुनी हो गई थी। इसी विवाद के चलते गुरुवार दोपहर एक युवक स्कूल परिसर में पहुंचा और वहां पढ़ने वाले छात्र से उलझ गया। घटना स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
स्कूल प्रबंधन और मौजूद शिक्षकों ने तुरंत स्थिति को संभालते हुए युवक को रोका। हालांकि, युवक मौके से भाग निकला। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर हुए विवाद की वजह से यह घटना हुई। आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसे जल्द ही हिरासत में लिया जाएगा। स्कूल प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए अतिरिक्त सावधानियां बरतने के निर्देश दिए हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सोशल मीडिया पर ऐसा क्या हुआ, जिससे मामला इतना बढ़ गया।