सावन के तीसरे सोमवार पर उज्जैन में भक्तिभाव का अद्भुत नजारा देखने को मिला, जब बाबा महाकाल अपनी परंपरागत तीसरी सवारी में नगर भ्रमण पर निकले। चांदी की पालकी में विराजमान होकर बाबा ने चंद्रमोलेश्वर स्वरूप में अपने भक्तों को दर्शन दिए। इस अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत भी इस पावन सवारी में शामिल हुए। एमपी के उज्जैन की अनादि परंपरा के तहत सावन और भादो मास में बाबा महाकाल नगर भ्रमण पर निकलते हैं। इसी क्रम में आज तीसरी सवारी महाकाल मंदिर के सभा मंडप से पूजा-अर्चना के साथ प्रारंभ हुई। शासकीय पुजारी पंडित घनश्याम शर्मा ने विधिवत पूजन किया, जिसमें प्रदेश के केबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, कलेक्टर रोशन सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा भी मौजूद रहे।
पूजन के पश्चात मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने पालकी को कांधा दिया और बाबा की सवारी नगर भ्रमण पर रवाना हुई। मंदिर के मुख्य द्वार पर पुलिस दल ने बाबा महाकाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया, जो भक्तों के लिए एक विशेष दृश्य था। राजसी ठाठ-बाट के साथ निकली सवारी में पुलिस के घुड़सवार दल, पुलिस और होमगार्ड की टुकड़ी, पुलिस बैंड और भजन मंडलियां भी शामिल हुईं। सवारी महाकाल घाटी, गुदरी चौराहा, पानदरिबा और रामानुज कोट होते हुए पवित्र रामघाट पहुंची। रामघाट पर बाबा महाकाल का क्षिप्रा नदी के जल से विशेष अभिषेक किया गया, जिसे देखने हजारों श्रद्धालु उमड़ पड़े। यहां से सवारी कार्तिक चौक, ढाबा रोड और गोपाल मंदिर मार्ग से होकर पुनः महाकाल मंदिर पहुंची।
आज की सवारी में बाबा महाकाल ने अपने भक्तों को चंद्रमा से सुशोभित चंद्रमोलेश्वर स्वरूप में दर्शन दिए, जो विशेष आध्यात्मिक अनुभूति का क्षण था। हर ओर हर-हर महादेव और जय महाकाल के जयघोष गूंजते रहे। भक्तों ने बाबा का दर्शन कर आशीर्वाद लिया और अपनी श्रद्धा अर्पित की। सवारी के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए थे। जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा और भीड़ प्रबंधन पर नजर रखी गई। पुलिस और होमगार्ड के जवानों ने सवारी मार्ग को व्यवस्थित बनाए रखा, जिससे श्रद्धालुओं को दर्शन में कोई असुविधा न हो।






सागर टीवी न्यूज़ से सबसे पहले न्यूज़ लेने के लिए अभी अपना ईमेल डालें और सब्सक्राइब करें
Sagar TV News.