स्मार्ट मीटर और बढ़े बिजली बिलों को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन | देवास न्यूज़ |SAGAR TV NEWS|
स्मार्ट मीटर और बढ़े हुए बिजली बिलों के खिलाफ गुरुवार को कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। एमपी के देवास में कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मध्यप्रदेश विद्युत मंडल यानी MPEB कार्यालय पहुंचे और मुख्य अभियंता को ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस की मांग है कि बिना उपभोक्ताओं की सहमति के लगाए जा रहे स्मार्ट मीटर तत्काल हटाए जाएं और बढ़े हुए बिजली बिलों को वापस लिया जाए।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी ने कहा कि स्मार्ट मीटर पुलिस की मौजूदगी में जबरन लगाए जा रहे हैं, जो पूरी तरह से तानाशाही है। पहले जहाँ गरीबों का बिल 200 से 300 रुपये आता था, अब अचानक 5 हजार रुपये तक भेजा जा रहा है। यह सीधे-सीधे जनता की जेब पर डाका है। उन्होंने आरोप लगाया कि कोर्ट के आदेशों की भी अनदेखी की जा रही है। उन्होंने सरकार को चेतावनी दी कि अगर 15 दिनों में मांगें नहीं मानी गईं, तो कांग्रेस उग्र आंदोलन और भूख हड़ताल करेगी।
इस मुद्दे पर MPEB के कार्यपालन यंत्री विश्वजीत झा ने सफाई दी कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के हित में लगाए जा रहे हैं। इनसे रियल टाइम रीडिंग मिलती है और बिजली चोरी को रोकने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा और जनप्रतिनिधियों से लगातार संवाद भी किया जाएगा। इस पूरे घटनाक्रम के चलते देवास में बिजली से जुड़ा मुद्दा राजनीतिक तूल पकड़ रहा है और आने वाले समय में विरोध और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।