रात में खेत पर रखवाली करने गए 70 साल के बुजुर्ग के साथ बड़ी अनहोनी, परिजनों ने जताई ये आशंका
एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गाँव की बड़ी बंधी के पास 70 वर्षीय रामआसरे प्रजापति उर्फ़ रमसा का खून से लथपथ शव मिला। परिजनों ने इस घटना को मर्डर की आशंका बताई है। एमपी के सागर संभाग के छतरपुर जिले के जुझारनगर थाना क्षेत्र में मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। परिजनों के मुताबिक, रामआसरे प्रजापति रात करीब 9 बजे खेत की रखवाली के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे अज्ञात लोगों ने उन पर सब्बल नुमा लोहे की रॉड से हमला किया।
इस हमले में मृतक के दोनों हाथ और पैर बुरी तरह से घायल हो गए और बाद में उनकी जान चली गई। घटनास्थल से पुलिस ने लोहे की रॉड बरामद की है। मौके पर लवकुशनगर एसडीओपी नवीन दुबे, एफएसएल अधिकारी डॉ. प्रदीप यादव, डॉग स्क्वाड, फिंगरप्रिंट टीम और भारी पुलिस बल पहुंचा। फिलहाल जुझारनगर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और अलग-अलग एंगल से सबूत इकट्ठा कर रही है। एसडीओपी नवीन दुबे का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों का सुराग लगाया जाएगा।