Sagar - गर्ल्स हॉस्टल का नजारा देख हैरान रहे गए कलेक्टर, जमकर लगाई फटकार
सागर कलेक्टर ने शुक्रवार को अचानक एक बाद एक ताबड़तोड़ निरीक्षक किया। वो जिले की बंडा तहसील पहुंचे थे। सबसे पहले कलेक्टर संदीप जी. आर.ने कस्तूरबा गांधी गर्ल्स हॉस्टल का जायजा लिया। यहां उन्होंने जब संपर्क के लिए लिखे गए मोबाइल नंबर खुद मिलाकर चेक किए, तो हैरान रह गए, क्योंकि सभी नंबर बंद निकले – चाहे वो महिला हेल्पलाइन का नंबर हो या एसडीओपी कार्यालय का। इस पर कलेक्टर ने नाराजगी जाहिर की और तुरंत सही नंबर अपडेट करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने करीब तीस मिनट तक छात्राओं से बातचीत की, उनकी पढ़ाई और रहने की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। छात्राओं ने भी खुलकर अपनी बातें रखीं।
इसके बाद कलेक्टर अनुसूचित जाति बॉयज हॉस्टल पहुंचे। यहां उन्होंने देखा कि परिसर में दो पानी की टंकियां बिना ढक्कन के खुली पड़ी थीं। उन्होंने तुरंत जिम्मेदारों को फटकार लगाते हुए टंकियों को ढकने के निर्देश दिए। साथ ही रसोई घर और बाकी कमरों का भी निरीक्षण किया। छात्रावास में रोशनी कम होने पर उन्होंने लाइटिंग की व्यवस्था ठीक करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने दयोदय गौशालाभी पहुंचकर व्यवस्थाओं को करीब से देखा। हल्की बारिश के बीच उन्होंने गौशाला का चक्कर लगाया, गायों को चारा खिलाया और कुछ देर तक उनके बीच बैठे भी रहे। इसके साथ ही उन्होंने वहां पौधरोपण भी किया।
इसके बाद कलेक्टर भेड़ा खास की गौशाला पहुंचे और वहां भी पौधरोपण किया।कुल मिलाकर अचानक हुए इस निरीक्षण में कलेक्टर ने व्यवस्थाओं को सुधारने के सख्त निर्देश दिए और जिम्मेदार अधिकारियों को चेतावनी भी दी कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।