पांच महीने का वेतन दिलाने के नाम पर 2000 की रिश्वत लेते बाबू रंगे हाथों गिरफ्तार |SAGAR TV NEWS|
एमपी के सागर संभाग के पन्ना जिले की अमानगंज तहसील में भ्रष्टाचार के खिलाफ एक अहम कार्रवाई सामने आई है। सागर लोकायुक्त टीम ने तहसील कार्यालय में पदस्थ बाबू इकबाल खान को ₹2000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। तहसील कार्यालय में कार्यरत चपरासी सुदामा दुबे की बीते पांच महीने से वेतन अटका हुआ था।
बीमारी के चलते सुदामा पहले से ही परेशान था और जब उसने अपने वेतन के भुगतान की गुहार लगाई, तो बाबू इकबाल खान ने ₹5000 की रिश्वत की मांग की। पीड़ित चपरासी ने मजबूरी में पहले ₹2000 दिए जाने थे फिर काम के बाद 3000 रुपये दिए जाने थे। फरियादी ने इस पर से लोकायुक्त की मदद ली।
योजना के मुताबिक, जैसे ही इकबाल खान ने ₹2000 की बाकी रकम ली, सागर लोकायुक्त टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे पकड़ लिया। आरोपी ने कहा यह सब सोची समझी राजनीति है मुझे फसाया जा रहा है। लोकायुक्त निरीक्षक सागर सौरभ साहू ने बताया कि भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
उन्होंने कहा कि सरकारी तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार को उजागर करने के लिए लोकायुक्त टीम निरंतर प्रयासरत है। आरोपी बाबू इकबाल खान के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है। उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां से उसे जेल भेजा जा सकता है। इस कार्रवाई से तहसील कार्यालय में हड़कंप मच गया है और अन्य कर्मचारियों को भी सबक लेने की जरूरत है।