चाहत पांडे टीवी एक्ट्रेस की नशे से दूरी है बहुत जरूरी पर प्रदेशवासियों से खास अपील
प्रदेश में नशा मुक्ति अभियान को सफल बनाने के लिए हर वर्ग से लोग आगे आ रहे हैं। इसी क्रम में टीवी एक्ट्रेस चाहत पांडे ने भी प्रदेशवासियों से एक मार्मिक अपील की है। उन्होंने कहा कि डीजीपी कैलाश मकवाना के नेतृत्व में मध्यप्रदेश पुलिस और एमपी के सागर संभाग के दमोह पुलिस लगातार इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है। इस नेक पहल में हम सभी की भी नैतिक जिम्मेदारी बनती है कि समाज को नशे की बुरी लत से मुक्त किया जाए। चाहत पांडे ने अपने संदेश में कहा, “नशे से दूरी है बहुत जरूरी। आज हमारे समाज में नशा एक ऐसी बुराई बन चुका है जो सिर्फ व्यक्ति को ही नहीं, पूरे परिवार और समाज को भी नुकसान पहुंचाता है। इसलिए हम सभी को एकजुट होकर इस बुराई के खिलाफ आवाज उठानी होगी। यह सिर्फ पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हम सभी नागरिकों की भी जिम्मेदारी है कि हम इस मुहिम में आगे बढ़कर हिस्सा लें।” उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस और दमोह पुलिस जिस ईमानदारी और संकल्प के साथ इस अभियान को चला रही है, वह सराहनीय है। लेकिन इस अभियान को पूरी तरह से सफल बनाने के लिए हम सबको भी सहयोग करना चाहिए। नशे से बचने और दूसरों को भी इससे दूर रखने के लिए हमें अपने स्तर पर जागरूकता फैलानी चाहिए।
चाहत पांडे ने युवाओं से खास अपील करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी को चाहिए कि वह नशे के किसी भी प्रकार के सेवन से खुद को दूर रखें और अपने मित्रों व आसपास के लोगों को भी इसके नुकसान के बारे में बताएं। उन्होंने कहा कि “नशा करने से सिर्फ हमारा स्वास्थ्य ही नहीं बिगड़ता बल्कि हमारा भविष्य भी अंधकारमय हो जाता है। इसलिए समय रहते हमें इस बुराई को ना कह देना चाहिए। चाहत पांडे ने कहा कि मध्यप्रदेश पुलिस की यह मुहिम तभी सफल होगी जब समाज के हर व्यक्ति का इसमें सक्रिय योगदान होगा। हमें अपने घर, मोहल्ले, गांव और शहर में लोगों को जागरूक करना होगा। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और नशे के सौदागरों को समाज से बाहर करने में मदद करें। अंत में चाहत पांडे ने भावुक अपील करते हुए कहा, “नशे से मुक्ति सिर्फ एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि हमारे और आपके भविष्य की ज़रूरत है। इसलिए आइए मिलकर इस संकल्प को मजबूत बनाएं और एक स्वस्थ, नशामुक्त मध्यप्रदेश की ओर कदम बढ़ाएं।