कथित व्यापार अड्डे का बड़ा खुलासा, हिंदूवादी संगठन ने पकड़ी 5 महिलाएं और 3 युवक
इंदौर के द्वारकापुरी इलाके में मंगलवार को एक कथित देह व्यापार के अड्डे का खुलासा हुआ है। हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी, जिसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर पांच महिलाओं और तीन युवकों को पकड़ा और फिर पुलिस को बुलाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक बजरंग दल के विभाग संयोजक पप्पू कोचले को सूचना मिली थी कि विदुर नगर क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। इस पर उन्होंने संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचकर छापेमारी की।
मौके से पकड़े गए एक युवक ने कबूल किया कि वह एक महिला के साथ मिलकर यह नेटवर्क चला रहा था और कमीशन पर अन्य महिलाओं को बुलाता था। आरोप है कि इस अड्डे पर पिछले कई दिनों से बाहरी युवकों का आना-जाना बढ़ गया था जिससे आसपास के रहवासियों ने भी शिकायत की थी।
बताया जा रहा है जब हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे तो वहां मौजूद कुछ युवक और महिलाएं हाथ जोड़कर माफी मांगने लगे। कार्यकर्ताओं ने मामले की जानकारी तुरंत पुलिस को दी जिसके बाद द्वारकापुरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी को हिरासत में लिया।
पुलिस के मुताबिक पकड़ी गई महिलाओं और युवकों से पूछताछ की जा रही है और अड्डा संचालित कराने वाली महिला को भी कार्रवाई के दायरे में लिया गया है। वहीं मकान मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर उसे भी आरोपी बनाया जा सकता है।