Sagar -देवरी में खाद की कालाबाज़ारी पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, अवैध खाद जब्त कर गोदाम सील
सागर जिले के देवरी क्षेत्र में प्रशासन ने खाद की कालाबाज़ारी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए देर रात एक गोदाम से भारी मात्रा में अवैध खाद जब्त की है और गोदाम को सील कर दिया है। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है और किसानों में भी उम्मीद जगी है कि प्रशासन अब इस तरह की गड़बड़ियों पर सख्ती से रोक लगाएगा। प्रदेश में इस समय किसान खाद के लिए घंटों लाइन में लगने और कई बार खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं। उधर, खाद की कालाबाज़ारी की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इसी के चलते सागर जिला कलेक्टर ने जिले के सभी अनुविभागीय अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए कि खाद की कालाबाज़ारी पर तुरंत कार्रवाई करें।
इसी क्रम में एसडीएम मुनव्वर खान के नेतृत्व में राजस्व, कृषि और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने सोमवार देर रात सहजपुर रोड स्थित सुरेश चंद्र दरबारी लाल जैन के गोदाम पर छापेमारी की। छापे के दौरान गोदाम से बड़ी मात्रा में डीएपी, एसएसपी और पोटाश के कट्टे बरामद हुए। अधिकारियों ने जब गोदाम मालिक से इस स्टॉक के बिल, रसीदें और अन्य वैध दस्तावेज मांगे, तो वह कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। स्टॉक रजिस्टर और पीओएस मशीन में भी खाद के इस स्टॉक का कोई रिकॉर्ड दर्ज नहीं था, जिससे मामला संदिग्ध हो गया।
एसडीएम मुनव्वर खान ने बताया कि “व्यापारी के पास खाद बेचने का लाइसेंस जरूर है, लेकिन इतनी बड़ी मात्रा में रखे गए स्टॉक की न तो वैध रसीदें हैं और न ही कोई रिकॉर्ड। यह सीधा-सीधा कालाबाज़ारी का मामला है।”उन्होंने आगे कहा कि इस तरह से खाद छुपाकर ऊँचे दामों पर बेची जा रही थी, जिससे किसानों को परेशानी हो रही है। जबकि क्षेत्र में डीएपी और यूरिया की पहले से ही भारी किल्लत है।
मौके पर ही पंचनामा बनाकर गोदाम को सील कर दिया गया है और पूरे मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, ताकि किसानों का हक उन्हें सही समय पर और सही दाम पर मिल सके। इस कार्रवाई के बाद किसानों में भी राहत की सांस देखने को मिली है। किसान लंबे समय से आरोप लगाते आ रहे थे कि कुछ व्यापारी खाद की जमाखोरी और कालाबाज़ारी कर ऊँचे दाम वसूल रहे हैं, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ता है।