MP | खेत में सांपों का साम्राज्य ! झोपड़ी से निकले 60 कोबरा, गांव में हड़कंप | sagar tv news |
मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के साबाखेड़ा गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक खेत की झोपड़ी में बड़ी संख्या में कोबरा सांप के बच्चे निकल आए। किसान गोपाल दायमा के खेत पर बने गड्ढे से करीब 50 से 60 कोबरा सांपों को रेस्क्यू कर सुरक्षित जंगल में छोड़ा गया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही इलाके में दहशत फैल गई और लोग हैरान रह गए कि इतनी बड़ी संख्या में सांप एक ही जगह से कैसे निकल आए।
शुक्रवार शाम की घटना है जब गोपाल दायमा खेत पर चाय बनाने के लिए पहुंचे थे। तभी उनकी नजर झोपड़ी में बने गड्ढे पर पड़ी, जिसमें कुछ सांपों के मुंह नजर आए। डर और चिंता के बीच उन्होंने तुरंत सर्प मित्र दुर्गेश पाटीदार को सूचना दी। दुर्गेश मौके पर पहुंचे और सांप पकड़ने का काम शुरू किया। लेकिन जैसे ही उन्होंने गड्ढे में पानी डाला, तो नजारा देखकर खुद सर्प मित्र भी हैरान रह गए। गड्ढे से लगातार कोबरा के बच्चे निकलने लगे। एक के बाद एक करते हुए उन्होंने करीब 60 सांपों को सुरक्षित पकड़ा।