सागर में मातृ मृत्यु दर को शून्य पर लाने का लक्ष्य, विधायक ने किया प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व का आरंभ
सागर के बड़ा बाजार स्थित चमेली चौक अस्पताल में आज प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान का विधिवत शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक शैलेंद्र कुमार जैन थे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष श्री श्याम तिवारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, बैंक अधिकारी, अस्पताल का स्टाफ और स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे। मुख्य अतिथि विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि मातृ मृत्यु दर को कम करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम "मन की बात" में इस मुद्दे को उठाकर इसे राष्ट्रीय अभियान का स्वरूप दिया था। उन्होंने कहा की "गर्भवती माताओं और कठिन प्रसव वाली महिलाओं को समय रहते पहचानकर उन्हें उचित स्वास्थ्य सुविधाएँ देना, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है। हर माह की 9 और 25 तारीख को विशेष शिविर लगाए जाते हैं, जिनमें योग्य डॉक्टरों की टीम गर्भवती महिलाओं की नि:शुल्क जांच और परामर्श करती है। हमारा लक्ष्य मातृ मृत्यु दर को शून्य पर लाना है।"
विधायक जैन ने कहा कि अक्सर ग्रामीण इलाकों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों में जानकारी और संसाधनों के अभाव में गर्भवती माताओं की देखभाल नहीं हो पाती, जिससे कई बार जटिलताएँ बढ़ जाती हैं। उन्होंने बताया कि इस अभियान के जरिए ऐसे परिवारों की पहचान कर गर्भवती माताओं को समय पर जांच, पोषण और उचित देखभाल मुहैया कराई जाएगी .कार्यक्रम को क्षेत्रीय संचालक डॉक्टर नीना गिडियन ने भी संबोधित किया और मातृ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि नियमित जांच और सही समय पर चिकित्सकीय सलाह से अधिकांश जटिलताओं को रोका जा सकता है। इस अवसर पर संयुक्त संचालक डॉ. सुशील यादव, सीएमएचओ डॉ. ममता तिमोरी, सिविल सर्जन डॉ. आर एस जयंत, डॉ. एमपी सिंह, अमित बैसाखिया, विक्रम सोनी, नेहा अहिरवार, सतीश जैन, नितिन सोनी, राहुल वैद्य, महेंद्र राय, आईडीबीआई बैंक के ब्रांच मैनेजर दीपक परमार सहित अस्पताल का समस्त स्टाफ और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विधायक जैन ने कहा कि "यह सिर्फ सरकारी योजना नहीं, बल्कि एक सामाजिक अभियान है। हम सबकी जिम्मेदारी है कि अपनी माताओं-बहनों की सुरक्षा और स्वास्थ्य का ध्यान रखें, ताकि हर माँ सुरक्षित और स्वस्थ रहे।"