सागर संभाग के नवागत कमिश्नर चार्ज लेते ही आये एक्शन में कलेक्टर-एसपी को दिए निर्देश | sagar tv news
राज्य शासन द्वारा सागर संभाग के नवनियुक्त संभागायुक्त अनिल सुचारी ने गुरुवार को संभाग आयुक्त कार्यालय, सागर में पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के पश्चात उन्होंने कार्यालय के विभिन्न प्रभागों का निरीक्षण कर अधिकारियों और कर्मचारियों से उनके कार्य और दायित्वों की जानकारी ली। उन्होंने कार्यालयीन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने हेतु आवश्यक निर्देश भी दिए। अनिल सुचारी भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2006 बैच के अधिकारी हैं। इससे पूर्व वे कलेक्टर विदिशा, एमडी - पाठ्य पुस्तक निगम, सचिव - माध्यमिक शिक्षा मंडल, अतिरिक्त सचिव - गृह एवं परिवहन विभाग, कमिश्नर - रीवा व शहडोल संभाग, तथा सचिव - सामान्य प्रशासन विभाग जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं।
वहीं सागर संभाग के नवागत कमिश्नर अनिल सुचारी ने गुरुवार को पदभार ग्रहण करने के पश्चात संभागायुक्त कार्यालय के विभिन्न प्रभागों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सभी प्रभारी अधिकारियों और कर्मचारियों से कार्यों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजस्व न्यायालय, विभागीय जांच शाखा, विकास शाखा, नकल शाखा, आरसीएमएस शाखा, रिकॉर्ड रूम, नाजिर कक्ष व मीटिंग हॉल का भ्रमण किया। उन्होंने कार्यालयीन अभिलेखों की सुरक्षा और सहज उपलब्धता हेतु डिजिटलाइजेशन को प्राथमिकता देने को कहा। कमिश्नर सुचारी ने निर्देश दिए कि सभी प्रभागों में ई-फाइलिंग की व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू की जाए और पारंपरिक फाइल प्रक्रिया से बाहर निकलकर डिजिटलीकरण को गति दी जाए।
वहीं नवागत संभागायुक्त अनिल सुचारी ने पदभार ग्रहण के बाद कलेक्टर संदीप जी आर और पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल से जिले की राजस्व व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और जनसेवा संबंधी कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने राजस्व न्यायालयों में लंबित प्रकरण, सीएम हेल्पलाइन की स्थिति, खाद, बीज, उर्वरक की आपूर्ति, बुआई की प्रगति, तथा पेयजल व्यवस्था की जानकारी ली। साथ ही पुलिस विभाग से कानून व्यवस्था, लंबित मामलों, और नए पुलिस कानून से संबंधित प्रगति की रिपोर्ट मांगी। कलेक्टर संदीप जी आर ने बताया कि जिले में राजस्व प्रकरणों के निराकरण का कार्य नियमित रूप से किया जा रहा है। वर्तमान में 7 इंच वर्षा दर्ज की गई है और मक्का व सोयाबीन की 60:40 अनुपात में बुआई का कार्य जारी है। राजघाट जलस्रोत से सागर नगर, मकरोनिया और कैंट क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। कृषि उत्पादन आयुक्त की बैठक भी हाल ही में संपन्न हुई है।
पदभार ग्रहण समारोह के अवसर पर कलेक्टर संदीप जी. आर., पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल, अपर कमिश्नर पवन जैन, जॉइंट कमिश्नर राजेश शुक्ला, सिटी मजिस्ट्रेट जुही गर्ग, एसडीएम अदिति यादव, अशोक सेन, अनुराग पटेरिया, ऑफिस अधीक्षक प्रेम नारायण चढ़ार, धीरेंद्र मिश्रा सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे। अपर कमिश्नर ने नवागत कमिश्नर को विभागीय कार्य प्रणाली और अधिकारियों की जिम्मेदारियों से अवगत कराया। अन्य अधिकारी मौजूद रहे।