Sagar- CM मोहन यादव 75 फुट ऊंची सदाशिव प्रतिमा अनावरण, रविशंकर महाराज का प्राकट्य महोत्सव में
अनंत विभूषित रविशंकर महाराज का जन्मोत्सव सद्गुरु प्राकट्य महोत्सव 29 जून से 05 जुलाई 2025 तक रावतपुरा सरकार आश्रम, वेदांती परिसर सागर में आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर लोक कल्याणार्थ सात दिवसीय विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन किए जा रहे हैं। प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से लक्ष्मीनारायण महायज्ञ, दोपहर 3 बजे से श्रीमद भागवत कथा और सायं 8 बजे से विविध देश-विदेश के विख्यात कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक संध्या का आयोजन होगा। विशाल कवि सम्मेलन 30 जून को रात्रि 08 बजे से आयोजित किया गया है।
इसमें प्रसिद्ध कवि राव अजातशत्रु, बुद्धि प्रकाश दाधीच, शंभू शिखर, डॉ रुचि चतुर्वेदी, योगेन्द्र शर्मा, शशि श्रेया की प्रस्तुति होगी। इसके सूत्रधार कवि सुमित ओरछा होंगे। 03 जुलाई को प्रसिद्ध बुंदेली गायिका कविता शर्मा की प्रस्तुति होंगी। 05 जुलाई को भगवान भोलेनाथ की विशाल 75 फिट ऊँची भगवान सदाशिव की प्रतिमा का लोकार्पण दोपहर 01 बजे किया जायेगा। इसके मुख्य अतिथि डॉ. मोहन यादव मुख्यमंत्री और अध्यक्षता वी.डी. शर्मा जी प्रदेश अध्यक्ष भाजपा करेंगे।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि वीरेन्द्र कुमार केंद्रीय मंत्री (भारत सरकार), राजेंद्र शुक्ला उप मुख्यमंत्री, केबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल, केबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव , पूर्व मंत्री भूपेंद्र सिंह सांसद डॉ. लता वानखेड़े , विधायकगण शैलेंद्र जैन, प्रदीप लारिया, वीरेंद्र सिंह लंबरदार , बृज बिहारी पटेरिया, विधायक निर्मला सप्रे , महापौर संगीता तिवारी होंगी। अनंत विभूषित रविशंकर जी महराज का प्राकट्य महोत्सव एवं 75 फुट ऊंची श्री सदाशिव प्रतिमा अनावरण लोकार्पण महोत्सव एक भव्य आयोजन है। इसमें विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर कई गणमान्य व्यक्ति शामिल होंगे।