खराब मौसम की वजह से मुख्यमंत्री मोहन यादव हेलीकॉप्टर पिपरिया हेलीपेड पर उतरा, कार से पचमढ़ी पहुंचे।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को पचमढ़ी पहुंचे। खराब मौसम की वजह से उनका हेलीकॉप्टर पिपरिया हेलीपेड पर उतरा, जिसके बाद वे कार से पचमढ़ी पहुंचे। मुख्यमंत्री का पिपरिया में सांसद दर्शन सिंह चौधरी और अन्य नेताओं ने स्वागत किया। पचमढ़ी में मुख्यमंत्री डॉ. यादव स्थानीय पर्यटन स्थलों के उन्नयन के लिए कार्ययोजना की बैठक लेंगे। इस बैठक में वे पचमढ़ी के विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चर्चा करेंगे। मुख्यमंत्री के साथ उनकी पत्नी सीमा यादव भी हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव पचमढ़ी में रात्रि विश्राम कर सकते हैं। उनके एकाएक बने दौरे के बाद रात में ही जिला प्रशासन तैयारियों में जुट गया था। सुबह से अफसर और पुलिस लाइन से फोर्स पचमढ़ी रवाना हुआ। जून महीने में मुख्यमंत्री यादव का यह तीसरा पचमढ़ी दौरा है। इससे पहले वे 3 जून को कैबिनेट की बैठक और 14 जून को विधायक, सांसद प्रशिक्षण सम्मेलन में पचमढ़ी पहुंचे थे। तीन दिन तक मुख्यमंत्री प्रशिक्षण में रहे और इस दौरान उन्होंने योग भी किया था।
पचमढ़ी की सुंदरता और प्राकृतिक सौंदर्य ने हमेशा से ही लोगों को आकर्षित किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भी पचमढ़ी की सुंदरता की तारीफ की है और इसे स्विट्जरलैंड जैसा अनुभव बताया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पचमढ़ी दौरा पचमढ़ी के विकास और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण है। उनकी बैठक और कार्यक्रम पचमढ़ी के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण निर्णय ले सकते हैं।