सागर में कुलपति बंगले के सामने प्रदर्शन,NSUI जिलाअध्यक्ष बोले-यूनिवर्सिटी को RSS की फैक्ट्री न बनाएं
सागर के डॉक्टर हरिसिंह गौर केंद्रीय विश्वविद्यालय में कथित अनियमितताओं के विरोध में गुरुवार को एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कुलपति आवास के सामने हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच झड़प हुई, जिसके बाद पुलिस को वाटर कैनन का प्रयोग करना पड़ा। एनएसयूआई के जिला अध्यक्ष अक्षत कोठारी ने बताया कि विश्वविद्यालय प्रबंधन को मांगों को लेकर कई बार अवगत करा चुके हैं, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इसलिए प्रदर्शन किया गया। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में 6 जून को एक दुर्घटना में छात्र की मौत हो गई, वहीं तीन छात्र घायल हुए थे। लेकिन, कुलपति ने छात्राओं की स्थिति भी नहीं जानी।
जिला अध्यक्ष ने मांग की कि हादसे में मृत छात्र के परिजनों को 50 लाख और घायलों को 5 लाख की राशि दी जाए। विश्वविद्यालय की नियुक्त प्रक्रिया में हुए घोटालों की जांच हो और दोषियों पर कार्रवाई हो। विश्वविद्यालय में नियुक्ति प्रक्रिया ट्रांसपेरेंट की जाए और यूनिवर्सिटी को RSS की फैक्ट्री न बनाया जाए। विश्वविद्यालय में चल रहे अनावश्यक निर्माण कार्य रोके जाएं और जारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच की जाए।
विश्वविद्यालय के भवनों में साफ-सफाई और साफ पेय जल की संपूर्ण व्यवस्थाएं की जाएं। यूजी की सीटों को बढ़ाया जाए और प्रवेश में स्थानीय छात्रों को प्राथमिकता दी जाए। लंबे समय से लंबित छात्र संघ चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराए जाएं। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और अपनी मांगें पूरी करने की मांग की। पुलिस ने वाटर कैनन का प्रयोग करके प्रदर्शन को नियंत्रित करने की कोशिश की। अब देखना यह है कि विश्वविद्यालय प्रशासन एनएसयूआई की मांगों पर क्या कार्रवाई करता है।