युवती से शादी करने पड़ा था पीछे, इंकार करते ही सामने आ गया असली चेहरा, पुलिसकर्मी भी लपेटे में
मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में शनिवार दोपहर एक गंभीर घटना घटी, जब एक युवक ने सरेराह एक युवती पर कैंची से हमला कर दिया। युवती अपनी मां के साथ स्कूटी से घर लौट रही थी, तभी युवक ने उन्हें रोका और युवती के गले, सिर और पीठ पर कैंची से वार कर दिया। मां ने बेटी को बचाने की कोशिश की, तो युवक ने उन पर भी हमला किया। युवती जान बचाने के लिए इधर-उधर दौड़ती रही, लेकिन युवक ने पीछा करना जारी रखा।
घटना के बाद मां-बेटी के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिससे युवक अपनी स्कूटी छोड़कर भाग गया। सीसीटीवी फुटेज में पूरी घटना कैद हो गई। युवती की मां ने आरोप लगाया कि एक दिन पहले ही उन्होंने युवक के खिलाफ थाने में शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी अमित कुमार ने सब इंस्पेक्टर केसर सिंह यादव और हेड कॉन्स्टेबल नीरज सिंह त्यागी को निलंबित कर दिया है। एसपी ने बताया कि युवती की शिकायत पर ध्यान नहीं देने और आरोपी की तलाश में लापरवाही बरतने पर पुलिसकर्मियों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने आरोपी युवक नीलेश पाटीदार को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ छेड़छाड़, पीछा करना, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि युवक और युवती की पुरानी पहचान थी, और युवक शादी के लिए दबाव बना रहा था।
यह घटना रतलाम जिले के थाना औद्योगिक क्षेत्र से सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ जारी है।