सागर में फिर धांय धांय से फैली दहशत CCTV में कैद गई घटना, 3 गिरफ्तार
सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र स्थित इतवारी टोरी पर शनिवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच हुआ विवाद गोलीबारी तक पहुंच गया। विवाद के दौरान एक पक्ष ने फायरिंग कर दी, जिसमें एक युवक घायल हो गया। घायल को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है।
थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत के अनुसार, अरबाज कुरैशी, शादाब मंसूरी और वाजिद खान का इमरान और समीर के साथ पहले से विवाद चला आ रहा था। इसी रंजिश के चलते शनिवार देर रात दोनों पक्षों के बीच बहस हुई, जो देखते ही देखते झड़प में बदल गई और फायरिंग तक पहुंच गई। इस गोलीबारी में अरबाज खान घायल हो गया।
फायरिंग की आवाज से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मोतीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, जिनमें गोली चलने की पूरी घटना कैद मिली।
फुटेज के आधार पर पुलिस ने अरबाज, शादाब और इमरान को हिरासत में ले लिया है। घायल की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।