विधायक ने शराब दुकान पर लगाया ताला, रहवासी कर रहे थे लगातार विरोध| इंदौर न्यूज़
मध्यप्रदेश में एक विधायक ने शराब दुकान पर ताला जड़ दिया। इंदौर की स्कीम नंबर 71 में खुली नई शराब दुकान का रहवासी लगातार विरोध कर रहे थे। बुधवार रात को विधायक मालिनी गौड़ खुद मौके पर पहुंचीं और लोगों से चर्चा के बाद दुकान के गेट पर ताला जड़ दिया। इसके बाद वहां मौजूद महिलाओं और पुरुषों ने भारत माता की जय और नारी शक्ति जिंदाबाद जैसे नारे लगाए।
इस शराब दुकान को लेकर रहवासी कई दिनों से नाराज थे। रहवासी संघ के बैनर तले महिलाएं रोज़ दुकान के बाहर कुर्सियां लगाकर बैठती थीं और शांति से विरोध कर रही थीं। उनका कहना था कि दुकान के चलते इलाके में माहौल बिगड़ सकता है।
इससे पहले पार्षद जितेंद्र राठौर और स्थानीय लोग कलेक्टर को दुकान बंद करने के लिए ज्ञापन भी दे चुके थे। विधायक मालिनी गौड़ ने बताया कि वे पहले ही इस मामले में संभागायुक्त से बात कर चुकी थीं। अब आगे की कार्रवाई प्रशासन करेगा।