राजा रघुवंशी मामले में बोले मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, बिना संस्कार के बच्चे बन जाते हैं सोनम
राजा रघुवंशी हत्याकांड को लेकर मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इस मामले को एमपी के इंदौर की छवि पर कलंक बताते हुए माता-पिता से अपील की कि वे अपने बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ संस्कार देना न भूलें। मंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि मैं जहां भी जाता हूं, लोग इस केस के बारे में मुझसे बात करते हैं। इस लड़की सोनम ने इंदौर को कलंकित किया है। अगर बच्चों को शिक्षा दी है,
लेकिन संस्कार नहीं दिए हैं, तो वे पशु बन जाते हैं। इसलिए भले ही एक रोटी कम खाएं, लेकिन अपने बच्चों को अच्छे संस्कार जरूर दें। उन्होंने सोनम रघुवंशी की तुलना पुतना से करते हुए कहा कि जिस महिला में ना शर्म हो, ना ममता हो, ना प्यार हो वो महिला नहीं, पुतना होती है। हमें ऐसी सोच और ऐसे व्यवहार से समाज को बचाना होगा।
मंत्री ने साथ ही नशे के खतरे की ओर भी ध्यान दिलाया। उनका कहना था कि जो लड़के सोनम के साथ गिरफ्तार हुए हैं, वे जरूर नशा करते होंगे। नशा ही कई बार इंसान को हैवान बना देता है। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि अगर उनके विधानसभा क्षेत्र में कहीं भी नशे का अवैध व्यापार हो रहा है तो इसकी जानकारी उन्हें दी जाए, ताकि कठोर कार्रवाई की जा सके।
वहीं मंच से संबोधन के दौरान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने एकता कपूर और उनके सीरियल पर भी निशाना साधा। मंत्री ने कहा कि एकता कपूर के सीरियल इतने खराब होते हैं जिसमें एक लड़की का संबंध कई लोगों से दिखाया जाता है। जो भारतीय संस्कृति में नहीं होता। उन्होंने कहा कि कई महिलाएं तो सार्वजनिक धार्मिक आयोजनों में हिस्सा लेती हैं। लेकिन कुछ महिलाएं ऐसे आयोजनों में शामिल नहीं होती और घर में ही बैठकर टीवी सीरियल देखती हैं।