कुर्सी से गिरे सीएम मोहन यादव, मंच पर बिगड़ा बैलेंस – लोगों ने तुरंत संभाला
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा दौरे पर थे, जहां एक मंचीय कार्यक्रम के दौरान कुर्सी पर बैठते समय उनका बैलेंस बिगड़ गया और वे गिर पड़े। घटना के दौरान सीएम मंच पर एक दिव्यांग बच्ची से बातचीत कर रहे थे, और बातचीत करते हुए जैसे ही वे कुर्सी पर बैठे, उनका संतुलन बिगड़ा और वे अचानक गिर गए। हालांकि मंच पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत संभाल लिया, जिससे कोई गंभीर चोट नहीं आई।
सीएम मोहन यादव नरसिंहपुर जिले में करीब 80 करोड़ 46 लाख रुपये की लागत की 135 परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन करने पहुंचे थे। इससे पहले उन्होंने गाडरवारा में रोड शो भी किया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। मंच से सीएम ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी की तुलना "सोने के बाज" से करते हुए कहा – "दुश्मनों को पकड़ने के लिए मोदी जी सोने का बाज बना रहे हैं।" यह बयान उन्होंने देश की सुरक्षा और विकास नीति को लेकर दिया।